बुधनी टाईम्स
गत पांच दिसंबर को हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। ये मृतक के साथी हैं। मृतक के पास नोटों की गड्डी देखकर इनकी नीयत बिगड़ गई और शराब पिलाकर सुनसान जगह पर हत्या कर दी। इनके पास से लूट का सामान व नगद राशि भी बरामद की गई है। आरोपियों को 13 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 6 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है, जिसे पुलिस टीम मृतक के इकलौते पुत्र रोहित को देगी।
पांच दिसंबर को बेरछा ग्राम स्थित जंगल में शाम को एक व्यक्ति के लहूलुहान हालत में खेत में पड़े होने की सूचना डायल 100 को मिली थी। पुलिस गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय ले गई थी जहां उसे मृत घोषित किया गया। मृतक की शिनाख्त भुरू उर्फ अशोक पिता हरचंद मालवीय (45) के रूप में हुई थी। टीआई उदयसिंह अलावा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अंधे कत्ल का लग रहा था। मामले का खुलासा करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह चौहान व एसडीओपी आरएस अम्ब के निर्देशन में बनाई जांच टीम में टीआई, एएसआई केदार पटेल, प्रधान आरक्षक महेश बाबू यादव, आरक्षक विनोद शर्मा व सोहन पटेल ने छानबीन कर लखन पिता बाबूलाल मालवीय निवासी बेरछा ग्राम, माखन पिता बाबूलाल मालवीय निवासी देवबर्डी व लखन पिता चरण लावरे निवासी बेरछा ग्राम को लूटे सामान व नगद राशि के साथ हिरासत में लिया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
टीआई ने पत्रकारों को बताया कि मृतक के साथ अंतिम समय तक बेरछा मंडी में उसके साथ शराब पीने वालों में लखन व माखन को साथ देखा था जहां मृतक अशोक ने जेब में सौ-सौ के नोटों की गड्डी साथियों को दिखाई थी। इसके बाद साथी उसे नगर से बाहर ले गए। रेलवे गोदाम घर के पास और भी शराब पी। इसी दौरान एक ओर साथी लखन लावरे भी आ गया। यहां से वे कच्चे मार्ग से बेरछा ग्राम की ओर आने वाले सुनसान रास्ते स्थित खेत की मेड़ पर ले गए। यहां रुपए व सामान छीना व मारपीट की बुरी तरह से घायल अशोक के सिर पर पत्थरों से वार कर चेहरा क्षत-विक्षत कर उसे मरणासन्ना छोड़कर भाग थे। पक़डे जाने के बाद आरोपियों के निशानदेही पर जंगल मे छिपाया सामान व तीनों से 2200 रूपए जब्त किए गए। शेष राशि खर्च होना बताया गया।
मृतक के पुत्र को देंगे इनाम की राशि
जिला पुलिस अधीक्षक ने बेरछा थाने पर आकर प्रेस वार्ता के दौरान कहा अंधे कत्ल का खुलासा चुनौती पूर्ण कार्य होता है और बेरछा पुलिस टीम ने तीनों आरापियों को मय सामान व नगद राशि के हिरासत में लेकर सराहनीय कार्य किया है। प्रोत्साहन स्वरूप पुलिस टीम को छह हजार रुपए दिए जाएंगे। घोषणा पर पुलिस टीम ने इनाम में मिलने वाली राशि गरीब मृतक के बालक रोहित को प्रदान करने की घोषणा की। इसकी भी एसपी ने सराहना की।
एक टिप्पणी भेजें